शाहजहांपुर। जिले में धान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सभी धान क्रय केंद्र प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने किसानों की समस्याओं के समाधान, धान खरीद में पारदर्शिता और बिचौलियों पर रोक लगाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
क्रय केंद्रों पर दलाल मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी धान क्रय केंद्र पर निजी व्यक्ति, बिचौलिया या दलाल की मौजूदगी पाए जाने पर उसके खिलाफ जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। संबंधित क्रय केंद्र प्रभारी की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी और लापरवाही मिलने पर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई होगी।
2 से 4 नवंबर तक पंचायत भवनों में बैठेंगे लेखपाल
किसानों की सुविधा के लिए 2 नवंबर से 4 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लेखपाल अपने क्षेत्र के सबसे बड़े गांव के पंचायत भवन में मौजूद रहेंगे। किसान यहां पहुंचकर फार्मर रजिस्ट्री में संशोधन करा सकेंगे। इसके साथ ही धान बिक्री के लिए पंजीकरण से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी करा सकेंगे।
धान खरीद की शिकायतों के लिए बनेगी हेल्पलाइन
डीएम ने बताया कि जल्द ही जिलाधिकारी कार्यालय में धान खरीद से संबंधित शिकायतों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा। इस पर किसान अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। अधिकारियों को शिकायतों का निस्तारण 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंडियों में मिलेगी फार्मर रजिस्ट्री की सुविधा
किसानों को फार्मर रजिस्ट्री बनवाने और उसमें आवश्यक संशोधन कराने के लिए प्रत्येक मंडी में कृषि विभाग के एक अधिकारी की तैनाती की गई है। किसान मंडी पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
क्रय केंद्र प्रभारी सुबह 9 से 10 बजे तक उठाएंगे फोन
जिलाधिकारी ने सभी धान क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 10 बजे के बीच फोन पर किसानों के लिए उपलब्ध रहें। इस दौरान किसान अपने नजदीकी क्रय केंद्र प्रभारी से संपर्क कर धान बिक्री और खरीद प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी खरीद प्रक्रिया पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित की जाए।

