Site icon UP की बात

हाथरस के राजकीय जिला पुस्तकालय का डीएम अतुल वत्स ने किया निरीक्षण, प्रतियोगी छात्रों को दिए सफलता के मंत्र

हाथरस के राजकीय जिला पुस्तकालय का डीएम अतुल वत्स ने किया निरीक्षण, प्रतियोगी छात्रों को दिए सफलता के मंत्र

हाथरस के राजकीय जिला पुस्तकालय का डीएम अतुल वत्स ने किया निरीक्षण, प्रतियोगी छात्रों को दिए सफलता के मंत्र

हाथरस के जिलाधिकारी अतुल वत्स ने शुक्रवार को राजकीय जिला पुस्तकालय का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी ली तथा सुविधाओं के विस्तार के लिए जल्द कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।

छात्रों को अनुशासन और एकाग्रता के साथ पढ़ाई की सलाह

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पूरी एकाग्रता और अनुशासन के साथ अध्ययन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच तथा समर्पण ही लक्ष्य तक पहुंचने का सबसे प्रभावी मार्ग है।

पुस्तकों और संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने के निर्देश

डीएम ने छात्रों से पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों और अन्य संसाधनों के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि यदि प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अतिरिक्त पुस्तकों या अन्य अध्ययन सामग्री की आवश्यकता है तो उसकी सूची तैयार कर उपलब्ध कराई जाए, ताकि जल्द आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जा सके।

रात 10 बजे तक खुलेगा पुस्तकालय

प्रतियोगी छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने पुस्तकालय का संचालन प्रतिदिन रात्रि 10 बजे तक करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी कम से कम एक अध्ययन कक्ष खुला रखने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

 

आधुनिक सुविधाओं के विकास पर रहेगा जोर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकालय परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाउंड्री वॉल की ऊंचाई बढ़ाने, पार्किंग की व्यवस्था, खिड़कियों पर जाली लगाने, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, नई मेज-कुर्सियों की उपलब्धता, रंगाई-पुताई और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र कार्य शुरू करने को कहा।

पुस्तकालय में उपलब्ध हैं 8 हजार से अधिक पुस्तकें

पुस्तकालय की प्रभारी अधिकारी डॉ. नीरज गोयल ने बताया कि राजकीय जिला पुस्तकालय में वर्तमान में करीब 8 हजार पुस्तकें उपलब्ध हैं और 211 छात्र-छात्राएं पंजीकृत होकर यहां नियमित अध्ययन कर रहे हैं। पुस्तकालय के संचालन के लिए आवश्यक कर्मचारियों की भी व्यवस्था की गई है।

छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना

निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने छात्र-छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

 

Exit mobile version