लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को भारी सुरक्षा के बीच सुल्तानपुर डिस्ट्रिक्ट कोर्ट पहुंचे। वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में अपना बयान दर्ज कराने के लिए अदालत में पेश हुए। इससे पहले राहुल गांधी लखनऊ एयरपोर्ट से सीधे सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए।
पिछली सुनवाई में नहीं हो पाए थे पेश, आज की थी अगली तारीख
यह मामला MP-MLA कोर्ट, सुल्तानपुर में चल रहा है। पिछली सुनवाई 19 जनवरी को निर्धारित थी, लेकिन उस दिन राहुल गांधी पेश नहीं हो सके थे। इसके बाद अदालत ने 20 फरवरी की तारीख तय की थी, जिस पर वे आज अदालत के समक्ष उपस्थित हुए।
2018 का है मामला, प्रचार भाषण से जुड़ा विवाद
मानहानि से जुड़ा यह केस अक्टूबर 2018 का है। सुल्तानपुर जिले के हनुमानगंज क्षेत्र के बीजेपी के स्थानीय नेता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि अगस्त 2018 में कर्नाटक में एक चुनावी प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने अमित शाह को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उस समय अमित शाह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा था कि बीजेपी ईमानदार राजनीति की बात करती है, जबकि पार्टी की अगुवाई ऐसे व्यक्ति के हाथ में है जिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। इसी टिप्पणी को मानहानिकारक बताया गया।
फरवरी 2024 में मिल चुकी है जमानत
सुल्तानपुर की अदालत ने फरवरी 2024 में इस मामले में राहुल गांधी को जमानत दे दी थी। अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत बयान और सुनवाई जारी है।
पार्टी नेताओं ने दी जानकारी
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि राहुल गांधी स्वयं अदालत में पेश होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक भी बड़ी संख्या में सुल्तानपुर पहुंचे हैं।वहीं कांग्रेस नेता अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि राहुल गांधी दिल्ली से लखनऊ आए, वहां से सुल्तानपुर कोर्ट पहुंचे और कार्यवाही के बाद लखनऊ होते हुए दिल्ली लौटेंगे।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, शांतिपूर्ण पेशी
राहुल गांधी की पेशी को देखते हुए सुल्तानपुर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। कोर्ट परिसर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। पेशी के दौरान कोई अप्रिय स्थिति नहीं बनी और कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

