Site icon UP की बात

Mathura : बलदेव में धूमधाम से मनाया दाऊजी महाराज का 5253वां जन्मोत्सव

ब्रज संस्कृति और आस्था के प्रतीक, मल्लविद्या के आचार्य एवं ब्रज के राजा ठाकुर श्री दाऊजी महाराज का 5253वां जन्मोत्सव बलदेव स्थित प्रसिद्ध दाऊजी मंदिर में बड़े ही भव्य और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। जन्मोत्सव की शुरुआत प्रातः 4 बजे शहनाई वादन और विशेष श्रृंगार दर्शन के साथ हुई। तड़के से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा बलदेव दाऊजी महाराज के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने “रोहिणी ने जन्मों लल्ला, मचो हैं आज ब्रज में हल्ला” के स्वर में अपने आराध्य का अभिनंदन किया।

जन्मोत्सव के अवसर पर दाऊजी मंदिर को आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया, वहीं बलदेव नगर भी भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा दिखाई दिया। घर-घर में पकवान बनाकर लोगों ने उत्सव की खुशी मनाई। परंपरा के अनुसार लाखों श्रद्धालु देश के विभिन्न हिस्सों से दर्शन के लिए बलदेव पहुंचे और अपने को धन्य महसूस किया।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन व पुलिस ने विशेष इंतजाम किए। तहसील महावन के नायब तहसीलदार प्रदुमन त्रिपाठी ने पानी, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था की कमान सीओ संजीव राय और थाना प्रभारी रंजना सचान ने संभाली। नगर के चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रही। भीड़ प्रबंधन के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग और बेरियर लगाए गए। वाहनों की सुगम पार्किंग के लिए अलग व्यवस्था की गई जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।

सुबह से लेकर दोपहर तक लाखों की संख्या में भक्त दाऊजी महाराज के दर्शन कर चुके थे। मंदिर परिसर का वातावरण पूर्णतः भक्तिमय और उल्लासमय रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान के चरणों में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। इस अवसर पर बलदेव नगर आस्था और संस्कृति के संगम स्थल के रूप में पूरी तरह जगमगाता रहा।

Exit mobile version