गोंडा जिले में इंडियन बैंक की मुख्य शाखा से जुड़ा एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। वर्ष 1997 से 2020 के बीच बैंक में करोड़ों रुपये की हेराफेरी के मामले में कुल 69 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें बैंक के पूर्व अधिकारियों, कर्मचारियों और कुछ ग्राहकों के नाम शामिल हैं।
3 करोड़ से अधिक की राशि में गड़बड़ी का आरोप
आरोप है कि बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए लगभग 3 करोड़ 60 लाख रुपये की धनराशि का गबन किया। बैंक प्रशासन के अनुसार ब्याज जोड़ने के बाद यह राशि बढ़कर करीब 4 करोड़ 90 लाख रुपये से अधिक हो गई है।
विभागीय जांच के बाद सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार विभागीय जांच के दौरान आरोपियों ने राशि ब्याज सहित जमा करने का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में इसे जमा नहीं किया गया। इसके बाद मामला गंभीर होता गया और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हुई।
69 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ केस
इंडियन बैंक के सचिव रविंद्र कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने 69 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें पूर्व शाखा प्रबंधक, कैशियर और अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
न्यायालय के आदेश पर शुरू हुई जांच
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी अंगद कुमार राय ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

