Site icon UP की बात

जन भवन में संविधान दिवस पर राज्यपाल ने दिया खास संदेश

जन भवन में संविधान दिवस पर राज्यपाल ने दिया खास संदेश

जन भवन में संविधान दिवस पर राज्यपाल ने दिया खास संदेश

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति में संविधान दिवस के अवसर पर जन भवन (Jan Bhavan) के गांधी सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। बता दें इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि संविधान दिवस केवल संविधान को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि इसके मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का अवसर भी है। जिसमें उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।

अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन भी जरूरी

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि भारतीय संविधान नागरिकों को मौलिक अधिकार देने के साथ उनके दायित्वों का भी बोध कराता है। अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे के पूरक हैं। जिसमें दोनों के बीच संतुलन बनाए रखना मजबूत समाज के निर्माण के लिए जरूरी है। उन्होंने जन भवन में संचालित आदर्श माध्यमिक विद्यालय का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां वंचित परिवारों के बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। यह समानता और सामाजिक समरसता की भावना को दर्शाता है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं को समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता में मर्यादा जरूरी

राज्यपाल ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि संविधान ने प्रत्येक व्यक्ति को अपने विचार रखने की स्वतंत्रता दी है, लेकिन इसका उपयोग शालीन और सम्मानजनक भाषा में होना चाहिए। अधिकारियों से उन्होंने बच्चों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के सही इस्तेमाल के बारे में जागरूक करने को कहा। उन्होंने उच्च शिक्षण संस्थानों में नियमित पढ़ाई पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में कम से कम 90 दिन कक्षाएं संचालित होनी चाहिए। इसके लिए जून में ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत है, ताकि विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर पढ़ाई का पूरा अवसर मिल सके।

मौलिक अधिकार और कर्तव्यों पर हुआ व्याख्यान

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश न्यायिक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान की निदेशक रेखा अग्निहोत्री ने मौलिक अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने समानता, स्वतंत्रता, धार्मिक स्वतंत्रता और संवैधानिक उपचारों के अधिकार का महत्व बताया। वहीं, संस्थान के उप निदेशक अंकुर गर्ग ने मौलिक कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान, देश की एकता-अखंडता की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताया।

राज्यपाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जन भवन में सुरक्षित रखी गई संविधान की मूल प्रति देखने और पढ़ने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने वक्ताओं से सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

ये भी पढ़ें: संविधान दिवस पर योगी का बड़ा संदेश, कहा- आम नागरिक ही देश की ताकत

 

Exit mobile version