Site icon UP की बात

Kasganj : बुलंदशहर ट्रैक्टर-कैंटर हादसे के पीड़ितों से मिले कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल, मुआवजे और बेहतर इलाज की मांग

बुलंदशहर जनपद के अरनिया थाना क्षेत्र के घटाल गांव में तीन दिन पूर्व हुए ट्रैक्टर और कैंटर की टक्कर में मृतकों एवं घायलों के परिजनों से मिलने के लिए आज कासगंज जनपद के सोरों थाना क्षेत्र स्थित ग्राम रफायतपुर, भेसोरा खुर्द और बसन्त नगर में कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल पहुँचा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर पहुँचे इस दल ने मृतक परिवारों को ढांढस बंधाया और घायलों से मुलाकात कर उनके उपचार की जानकारी ली।

प्रतिनिधि मंडल कमला अस्पताल और नीलम अस्पताल भी गया, जहाँ घायलों का इलाज चल रहा है। वहां इलाज की स्थिति देखकर प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों का मनोबल बढ़ाया। इस मौके पर पूर्व सांसद सत्या बहन, पूर्व विधायक विवेक बंसल, कासगंज के कोऑर्डिनेटर अजय शर्मा, शहर कोऑर्डिनेटर धर्मेन्द्र सिंह लोधी, जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय, पूर्व जिलाध्यक्ष अदनान मियां समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

पूर्व विधायक विवेक बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित मुआवजा राशि पीड़ित परिवारों तक जल्द पहुँचाई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि मृतक गरीब किसान परिवारों से हैं, इसलिए उन्हें कम से कम 5 से 10 लाख रुपये तक का मुआवजा दिया जाए। घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार को उठाना चाहिए।

उन्होंने सरकारी अस्पतालों के असंवेदनशील रवैये पर सवाल उठाते हुए बताया कि कई घायलों को प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करवाना पड़ रहा है। खासतौर पर खुर्जा स्थित कैलाश अस्पताल में घायलों को भर्ती नहीं किया गया, जबकि यह अस्पताल भाजपा के एक सांसद का है। इसे बड़ी संवेदनहीनता बताते हुए उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए, क्योंकि निजी अस्पतालों के खर्च उठाना गरीब परिवारों के लिए संभव नहीं है।कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार पीड़ितों को न्याय और सहयोग नहीं देती, तब तक वे इस मुद्दे को मजबूती से उठाते रहेंगे।

Exit mobile version