आजमगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और प्रभावी बनाने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. एन.आर. वर्मा ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवगांव और 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
देवगांव सीएचसी में अनुपस्थित मिले चिकित्सक और कर्मचारी
सीएमओ ने सबसे पहले सीएचसी देवगांव पहुंचकर लेबर रूम, नवजात शिशु स्थिरीकरण इकाई (NBSU), वार्डों और अन्य विभागों का निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक मिली और मौके पर मौजूद चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी मरीजों को सेवाएं देते पाए गए। वहीं उपस्थिति पंजिका और ड्यूटी रोस्टर की जांच में कनिष्ठ सहायक विवेकानंद तिवारी तथा मेडिकल ऑफिसर डॉ. फणीस और डॉ. राजेश कुमार बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित चिकित्सकों और कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगते हुए अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
लालगंज अस्पताल में मरीजों की सुविधा बढ़ाने के निर्देश
इसके बाद सीएमओ ने 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, लालगंज का निरीक्षण किया। यहां चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति संतोषजनक मिली। अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई व्यवस्था भी बेहतर पाई गई। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचे थे। मरीजों की संख्या को देखते हुए पंजीकरण काउंटर की कमी सामने आई, जिस पर सीएमओ ने तत्काल एक अतिरिक्त पंजीकरण काउंटर शुरू करने के निर्देश दिए। इससे मरीजों को लंबी कतारों और इंतजार से राहत मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चिकित्सकों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति अनिवार्य है। उन्होंने सभी चिकित्सा अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, मरीजों की सुविधा, पंजीकरण व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।
लगातार जारी रहेंगे औचक निरीक्षण
सीएमओ ने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में नियमित एवं औचक निरीक्षण जारी रहेगा। किसी भी स्तर पर ड्यूटी में लापरवाही, अनधिकृत अनुपस्थिति या मरीजों की सुविधाओं में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

