उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 22 फरवरी को विदेश दौरे पर रवाना होंगे। इस दौरान वे सिंगापुर और जापान की यात्रा करेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी (IT) सेक्टर में बड़े निवेश को आकर्षित करना है। सरकारी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ 18 वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी विदेश यात्रा पर जाएगा, जो निवेश, उद्योग और तकनीकी सहयोग से जुड़े विभिन्न बैठकों में हिस्सा लेगा।
23-24 फरवरी को सिंगापुर, 25-26 फरवरी को जापान में रहेंगे सीएम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 और 24 फरवरी को सिंगापुर में रहेंगे, जबकि 25 और 26 फरवरी को जापान में विभिन्न औद्योगिक समूहों और निवेशकों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में उत्तर प्रदेश की आईटी पॉलिसी, स्टार्टअप इकोसिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े प्रस्ताव रखे जाएंगे। माना जा रहा है कि इस दौरे से प्रदेश में बड़े पैमाने पर विदेशी निवेश आने की संभावना है।
डिप्टी सीएम केशव मौर्य का यूके-जर्मनी दौरा
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी अलग से यूनाइटेड किंगडम (UK) और जर्मनी के दौरे पर जाएंगे। उनके दौरे का उद्देश्य भी औद्योगिक निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देना बताया जा रहा है।
निवेश के लिहाज से अहम माना जा रहा है दौरा
विशेषज्ञों का मानना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव मौर्य के ये विदेशी दौरे उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे, खासकर IT और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में।

