Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मातृशक्ति के सम्मान और सेवा को लेकर प्रदेशवासियों से भावुक अपील की है। जिसमें उन्होंने कहा कि सनातन संस्कारों में मातृ वंदना का खास महत्व है। मां का स्थान जीवन में सबसे ऊंचा होता है और उसके प्रति संतान का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता। हालांकि, हर व्यक्ति अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए मां के प्रति सम्मान और सेवा का भाव जरूर प्रदर्शित कर सकता है।
जानकारी के लिए बता दें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती के माध्यम से माताओं के प्रति सम्मान, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। साथ ही, उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद से वह प्रदेश की मातृशक्ति के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके अनुसार, माताओं का सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देना चाहिए।
निराश्रित और वंचित माताओं की मदद करने की अपील
सीएम योगी ने प्रदेश के लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति किसी जरूरतमंद और निराश्रित मां की मदद के लिए आगे आए। जिसमें उन्होंने कहा कि किसी मां को अकेलेपन और परेशानी में सहारा देना, किसी वंचित मां की पीड़ा को समझना और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सच्चे सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे अपने आसपास रहने वाली ऐसी माताओं की पहचान करें, जिन्हें मदद और सहारे की जरूरत है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार उनकी सहायता करनी चाहिए।
मातृशक्ति का सम्मान समाज की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री के संदेश में सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भावना पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने यह संदेश देने का प्रयास किया कि मां के प्रति सम्मान केवल अपने परिवार तक सीमित नहीं होना चाहिए। समाज में मौजूद हर जरूरतमंद और बेसहारा मां के प्रति भी समान आदर और सहयोग का भाव होना चाहिए।
सीएम योगी की इस अपील का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करना है। उनका संदेश है कि यदि हर व्यक्ति एक जरूरतमंद मां का सहारा बन जाए, तो समाज में कई माताओं के जीवन में खुशियां लाई जा सकती हैं।
ये भी पढ़ें: देव दीपावली पर वाराणसी में मेगा ट्रैफिक प्लान, कई रास्ते होंगे बंद

