शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम ने एक बड़ी योजना तैयार की है। सीएम ग्रिड योजना (मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम) के तीसरे चरण के तहत महर्षि चौक से लेकर श्यामगंज पुल तक की सड़क को 36 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। यह परियोजना लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी सड़क पर लागू होगी, जिसे आधुनिक मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। नगर निगम की ओर से इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
डिवाइडर चौड़ा होगा, ट्रैफिक मैनेजमेंट होगा बेहतर
प्रस्ताव के अनुसार, सड़क के बीच बने डिवाइडर की चौड़ाई 0.7 मीटर से बढ़ाकर 1.2 मीटर की जाएगी। इससे न केवल सड़क का स्वरूप बदलेगा, बल्कि यातायात प्रबंधन भी अधिक सुचारु हो सकेगा। जाम की समस्या से जूझ रहे इस व्यस्त मार्ग पर यह बदलाव खासा राहत देने वाला माना जा रहा है।
सड़क को मिलेगा स्मार्ट लुक, तार होंगे भूमिगत
शहर की इस प्रमुख सड़क को स्मार्ट लुक देने के लिए बिजली की सभी लाइनों को पूरी तरह भूमिगत किया जाएगा। इससे सड़क के ऊपर फैले तारों के जंजाल से मुक्ति मिलेगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। इसके साथ ही पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए सड़क के दोनों ओर पक्के फुटपाथ बनाए जाएंगे। मार्ग के सौंदर्यीकरण के लिए पौधारोपण भी किया जाएगा, जिससे सड़क हरित और आकर्षक दिखाई देगी।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों को मिलेगी राहत
महर्षि चौक से श्यामगंज पुल तक का मार्ग बरेली के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल है। यहां यातायात का भारी दबाव रहता है। नई स्मार्ट सड़क और व्यवस्थित डिवाइडर बनने से जाम की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
दूसरे चरण का काम तेज़ी से जारी
सीएम ग्रिड योजना के दूसरे चरण के तहत स्टेडियम रोड पर डेलापीर से स्टेडियम तक निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। सड़क की एक लेन का काम पूरा हो चुका है, जबकि दूसरी लेन का कार्य भी जल्द पूर्ण होने की संभावना है। प्रेमनगर क्षेत्र के आसपास भी निर्माण कार्य तेज़ी से किया जा रहा है।
नगर आयुक्त ने दी जानकारी
नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने बताया कि सीएम ग्रिड योजना के तीसरे चरण के लिए डीपीआर शासन को भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि पहले से चल रहे कार्यों को भी तय समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

