Site icon UP की बात

गौतमबुद्धनगर में स्वगणना हुआ शुरू, 30 नवंबर तक करें आवेदन

गौतमबुद्धनगर में स्वगणना हुआ शुरू

गौतमबुद्धनगर में स्वगणना हुआ शुरू

Census 2027 Self Enumeration: जनगणना-2027 (Census 2027) को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की स्वगणना जरूर पूरी करें। इसके लिए भारत सरकार ने आधिकारिक पोर्टल (census.gov.in) उपलब्ध कराया है।

मोबाइल से घर बैठे कर सकेंगे स्वगणना

जिलाधिकारी का कहना है कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। इसके आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और नागरिक सुविधाओं की बेहतर योजना तैयार करती है।

स्वगणना के लिए परिवार का कोई एक सदस्य अपने मोबाइल नंबर से पोर्टल पर लॉगिन कर सकता है। एक ही मोबाइल नंबर के माध्यम से परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी दर्ज की जा सकती है। इसके लिए सबसे पहले पोर्टल पर उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा। इसके बाद भाषा चुनकर मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा और ओटीपी के जरिए सत्यापन करना होगा।

फॉर्म जमा करने के बाद मिलेगी SE ID

बता दें ऑनलाइन फॉर्म में परिवार के मुखिया और अन्य सदस्यों की जरूरी जानकारी भरनी होगी। इसके बाद सभी जानकारियों की जांच करके फॉर्म सबमिट करना होगा। प्रक्रिया पूरी होने पर एक विशिष्ट सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (SE ID) मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।

1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

प्रशासन के मुताबिक, जनगणना का दूसरा चरण यानी क्षेत्रीय कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक चलेगा। वहीं, इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से संपर्क करेंगे। इसके बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण आयोजित होगा। जिसमें जिलाधिकारी ने कहा कि जिन परिवारों ने ऑनलाइन स्वगणना की है, वे प्रगणकों के घर पहुंचने पर अपनी SE ID उपलब्ध कराएं, ताकि दर्ज जानकारी का सत्यापन हो सके। वहीं, ऑनलाइन स्वगणना नहीं करने वाले लोग भी प्रगणकों को सही जानकारी देकर सहयोग करें।

ऐसे में किसी भी तरह की सहायता के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने सभी लोगों से समय सीमा के भीतर स्वगणना पूरी कर राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी निभाने की अपील की है।

ये भी पढ़ें: जनगणना 2027 के लिए ऑनलाइन सेल्फ एनुमरेशन हुआ शुरू, 30 नवंबर तक मौका

Exit mobile version