Site icon UP की बात

Agra: ब्रजेश पाठक का तीखा हमला- “अखिलेश के पेट में मरोड़, यूपी में जंगलराज नहीं आने देंगे”

डिप्टी मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में राजद गठबंधन की हार से अखिलेश यादव के पेट में मरोड़ हो गई है।

पाठक ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता किसी भी कीमत पर सपा का ‘जंगलराज पार्ट-2’ वापस नहीं आने देगी। वह आगरा में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने प्रेस से बातचीत करते हुए कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।

1. दिल्ली ब्लास्ट पर बोले- “डॉक्टरों ने पेशा कलंकित किया”

ब्रजेश पाठक ने दिल्ली ब्लास्ट में डॉक्टरों की कथित संलिप्तता पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- जांच एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हैं। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। ये लोग सफेदपोश बनकर डॉक्टर जैसे सम्मानित पेशे को शर्मसार कर रहे हैं। ऐसे लोगों को एक-एक कर चिन्हित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यूपी में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और लगातार निगरानी की जा रही है।

2. “कांग्रेस ने लौहपुरुष पटेल को हमेशा अनदेखा किया”

सरदार पटेल की जयंती पर बोलते हुए पाठक ने कहा कि, पटेल ने देश की रियासतों को एकजुट करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। कांग्रेस सरकारों ने हमेशा उनकी उपेक्षा की। बीजेपी ने तय किया है कि पटेल की गाथा और विचारों को हर घर तक पहुंचाया जाएगा।

3. “कांग्रेस ने राम के अस्तित्व को नकारा था”

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर बात करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा- भाजपा ने जो कहा, वह किया। रामलला का मंदिर आज खड़ा है। कांग्रेस ने राम के जन्म का प्रमाण मांगा था और तुष्टिकरण की राजनीति की। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने 500 साल पुराने संघर्ष को समाप्त कर अयोध्या में भव्य मंदिर देकर इतिहास रचा है।

4. “अब यूपी में गुंडे-माफिया गायब, बेटियां रात 12 बजे तक सुरक्षित”

ब्रजेश पाठक ने कहा- 2017 से पहले यूपी में माफियाओं का राज था। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ जैसा हाल था। अब गुंडे और माफिया गायब हैं। बेटियां रात 12 बजे भी सुरक्षित घर लौट रही हैं। उन्होंने बिहार की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि बिहार में पूरा कुनबा एकजुट हो गया था, लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया क्योंकि लोग माफिया राज नहीं चाहते।

5. “अब लखनऊ सिर्फ मुस्कुराहट नहीं, ब्रह्मोस मिसाइल के लिए जाना जाता है”

डिप्टी सीएम ने कहा कि लखनऊ अब विकास की नई पहचान स्थापित कर चुका है- यहां ब्रह्मोस मिसाइल प्रोजेक्ट ने बड़ा बदलाव किया है। बिहार में NDA की जीत का कारण मोदी की गरीब कल्याण योजनाएं और नीतीश कुमार का सुशासन है। उन्होंने कहा कि जनता अब जाति-धर्म की राजनीति नहीं, विकास का समर्थन करती है।

ब्रजेश पाठक ने इतिहास भी दोहराया

उन्होंने कहा कि- अंग्रेजों ने देश को टुकड़ों में बांटा था। सरदार पटेल ने सभी रियासतों का विलय कर भारत को एकजुट किया। पटेल, अंबेडकर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी तीनों धारा 370 के खिलाफ थे। भाजपा सरकार ने ही इसे खत्म कर ऐतिहासिक निर्णय लिया।

Exit mobile version