लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संगठन की नई टीम के गठन को लेकर मीडिया में चल रही खबरों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि टीम गठन के लिए किसी प्रकार की तय डेडलाइन नहीं है और इस संबंध में प्रसारित की जा रही खबरें पूरी तरह निराधार एवं भ्रामक हैं।
लोकतांत्रिक प्रक्रिया से लिए जाते हैं संगठनात्मक निर्णय
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा करोड़ों देवतुल्य कार्यकर्ताओं का लोकतांत्रिक परिवार है। संगठन में कोई भी निर्णय बंद कमरे में, दबाव में या किसी निर्धारित समय सीमा को देखकर नहीं लिया जाता। सभी संगठनात्मक दायित्व कार्यकर्ताओं से राय-सलाह और व्यापक वैचारिक मंथन के बाद ही तय किए जाते हैं।
अंतिम चरण में है टीम गठन की प्रक्रिया
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों, जिलों और मोर्चों की शेष टीमों के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। आवश्यक संगठनात्मक विचार-विमर्श पूरा होने के बाद नई टीम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे केवल पार्टी की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें।

