Site icon UP की बात

लोनी में बीजेपी को बड़ा झटका, सपा में शामिल हुए अनिल कसाना

लोनी में बीजेपी को बड़ा झटका

लोनी में बीजेपी को बड़ा झटका

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election 2027) से पहले राजनीतिक दलों में उठापटक तेज हो गई है। इसी बीच गाजियाबाद की लोनी विधानसभा सीट (Loni Assembly Seat) पर बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिला है। बता दें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना ने पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी (SP) का दामन थाम लिया है। उनके इस फैसले से लोनी की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, अनिल कसाना के भाजपा छोड़ने के पीछे आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी एक बड़ी वजह हो सकती है। बताया जा रहा है कि उन्हें पार्टी से टिकट मिलने की उम्मीद कम नजर आ रही थी। ऐसे में उन्होंने अपना राजनीतिक भविष्य देखते हुए समाजवादी पार्टी में शामिल होने का फैसला किया।

2017 में भी लोनी से मांगा था भाजपा का टिकट

अनिल कसाना पहले भाजपा से ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में भी लोनी सीट से भाजपा का टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया। उस समय भाजपा ने नंदकिशोर गुर्जर पर भरोसा जताया था। नंदकिशोर गुर्जर लगातार दो विधानसभा चुनाव जीतकर इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

2022 में नंदकिशोर गुर्जर ने दर्ज की थी जीत

लोनी विधानसभा सीट पर 2022 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर ने राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के मदन भैया को 8,676 वोटों से हराया था। गुर्जर को 1,27,410 वोट मिले थे, जबकि मदन भैया को 1,18,734 वोट हासिल हुए थे। उस चुनाव में सपा और रालोद के बीच गठबंधन था।

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी टिकी निगाहें

दूसरी ओर, 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के संभावित गठबंधन की चर्चाएं भी शुरू हैं। जिसमें दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, सीटों के बंटवारे पर अगले एक-दो दिनों में बातचीत शुरू हो सकती है। जिसमें, उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार 2017 के मुकाबले बेहतर संख्या में सीटों की उम्मीद कर रही है।

गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की 80 में से 43 सीटों पर जीत दर्ज की थी। ऐसे में अनिल कसाना का सपा में शामिल होना लोनी की आगामी चुनावी राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि उनके आने से सपा की चुनावी रणनीति और लोनी का सियासी समीकरण कितना बदलता है।

ये भी पढ़ें: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए श्रावस्ती में फिर लगेगा कैंप

 

Exit mobile version