Site icon UP की बात

आंगनबाड़ी भर्ती में बड़ा खुलासा, 7 महिलाओं की नौकरी पर संकट

आंगनबाड़ी भर्ती में बड़ा खुलासा

आंगनबाड़ी भर्ती में बड़ा खुलासा

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका पदों पर भर्ती के दौरान फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है। दरसअल, जांच में खुलासा हुआ है कि कुछ महिलाओं ने खुद को गरीब बताकर आय और निवास प्रमाण पत्रों में गड़बड़ी की है। जबकि उनके पास पक्का मकान, चार पहिया वाहन और अन्य सुविधाएं मौजूद थीं। शिकायत मिलने के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी ने मामले की जांच कराई। इसमें सात महिलाओं के प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए हैं। अब इन सभी की नौकरी समाप्त करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

259 पदों पर हुई थी आंगनबाड़ी भर्ती

दरअसल, सितंबर महीने में जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 259 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई थी। इन पदों के लिए करीब 16 हजार महिलाओं ने आवेदन किया था। प्रत्येक ब्लॉक में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) की निगरानी में आवेदन और दस्तावेजों की जांच की गई थी। इसके बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय ने मेरिट और पात्रता के आधार पर 256 महिलाओं का चयन किया। चयनित महिलाओं को सितंबर में ही नियुक्ति पत्र जारी कर दिए गए थे।

ग्रामीणों की शिकायत पर शुरू हुई जांच

नियुक्ति के बाद ग्रामीणों ने अधिकारियों से शिकायत की कि कुछ महिलाओं ने गलत आय और निवास प्रमाण पत्र लगाकर नौकरी हासिल की है। शिकायत में चार महिलाओं के आय प्रमाण पत्र और तीन महिलाओं के निवास प्रमाण पत्रों पर सवाल उठाए गए थे। इसके बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिन्हा ने सभी सात महिलाओं के दस्तावेज संबंधित तहसीलों में सत्यापन के लिए भेजे। तहसील स्तर पर हुई जांच में सभी सात प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए। इसके बाद विभाग ने सेवा समाप्ति की कार्रवाई शुरू कर दी।

किसी ने 42 हजार तो किसी ने 46 हजार दिखाई आय

बता दें जांच में अलग-अलग ब्लॉकों की सात महिलाओं के नाम सामने आए हैं। इनमें भीतरगांव, सरसौल, बिल्हौर और घाटमपुर ब्लॉक की महिलाएं शामिल हैं। कुछ महिलाओं ने सालाना आय 42 हजार रुपये दिखाई थी, जबकि एक महिला ने 46 हजार रुपये की आय का प्रमाण पत्र लगाया था।

जांच में यह भी सामने आया कि एक महिला पहले पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत थी। इस्तीफा देने के बाद उसने कम आय का प्रमाण पत्र बनवाकर आंगनबाड़ी भर्ती के लिए आवेदन किया। वहीं, एक अन्य महिला ने अपने वास्तविक निवास स्थान के बजाय दूसरे गांव का प्रमाण पत्र लगाया था।

डीएम को भेजी गई सेवा समाप्ति की फाइल

जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिन्हा के मुताबिक, सातों महिलाओं के प्रमाण पत्र जांच में फर्जी पाए गए हैं। उनकी सेवाएं समाप्त करने के लिए जिलाधिकारी के पास फाइल भेज दी गई है। कार्रवाई पूरी होने के बाद खाली पदों पर अन्य पात्र महिलाओं का चयन किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: माघ मेले में सुरक्षा का नया प्लान, आसमान से होगी निगरानी

 

Exit mobile version