Site icon UP की बात

जन भवन में गूंजे गंगा आरती के मंत्र, राज्यपाल ने किया दीपदान

जन भवन में गूंजे गंगा आरती के मंत्र

जन भवन में गूंजे गंगा आरती के मंत्र

Uttar Pradesh News: कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली (Dev Deepawali) के पावन अवसर पर जन भवन परिसर में श्रद्धा और भक्ति के साथ दीपदान एवं गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। जिसमें उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मां गंगा की आरती में शामिल होकर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की।

राज्यपाल ने किया दीपदान और मां गंगा की आरती

जन भवन परिसर स्थित गंगोत्री से गंगासागर में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजन किया। इसके बाद उन्होंने मां गंगा की आरती में हिस्सा लिया और दीप प्रज्वलित कर दीपदान किया। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रसाद भी वितरित किया।

वहीं, इस खास अवसर पर जन भवन के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य उपस्थित लोगों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। सभी ने दीप जलाकर सामूहिक रूप से मां गंगा की आरती की। दीपों की रोशनी से पूरा जन भवन परिसर जगमगा उठा। भक्तिमय माहौल और धार्मिक मंत्रों के बीच आयोजन में आध्यात्मिक उल्लास देखने को मिला।

कार्तिक पूर्णिमा का बताया गया विशेष महत्व

कार्तिक पूर्णिमा को भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है। इस दिन स्नान, दान, दीपदान और पूजा-अर्चना की विशेष परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दीपदान अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और अज्ञान से ज्ञान की ओर बढ़ने का प्रतीक है। इस पर्व पर दीप जलाने की परंपरा लोगों को सकारात्मकता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देती है।

सुरक्षा कर्मियों ने दी गरबा नृत्य की प्रस्तुति

कार्यक्रम में धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिले। जन भवन के सुरक्षा कर्मियों ने आकर्षक गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। जन भवन में आयोजित इस कार्यक्रम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर दिया। सामूहिक दीपदान और गंगा आरती के माध्यम से आपसी सहभागिता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी दिया गया।

ये भी पढ़ें: जेवर में बनेगी मेडिकल उपकरण की फैक्ट्री, रूसी कंपनी ने दिखाई रुचि

 

Exit mobile version