Uttar Pradesh News: संविधान दिवस के अवसर पर आज गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को अमेठी कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। डीएम ने सभी को संविधान के मूल्यों का पालन करने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ भी दिलाई।
संविधान की प्रस्तावना का कराया सामूहिक वाचन
जानकारी के लिए बता दें कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने उन्हें नमन करते हुए संविधान निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना पढ़ाई गई।
सामूहिक वाचन के दौरान सभी ने संविधान में निहित मूल आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने और संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया।
अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का पालन भी जरूरी
इस अवसर पर जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। यह देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का मजबूत आधार है। संविधान में दिए गए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्श भारतीय लोकतंत्र की नींव हैं। उन्होंने कहा कि इन आदर्शों को केवल पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इन्हें अपने व्यवहार, आचरण और कार्यप्रणाली में भी अपनाना जरूरी है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।
डीएम ने कहा कि सरकारी सेवाओं में कार्यरत सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि वे जनता के हितों को सर्वोपरि रखें। जनसेवा के दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और प्रतिबद्धता के साथ किया जाना चाहिए। कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान के मूल्यों के अनुरूप काम करने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।
ये भी पढ़ें: बाराबंकी में विकास प्राधिकरण की तैयारी शुरू, 402 पंचायतें होंगी शामिल

