Site icon UP की बात

अमेठी में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल, आपदा से बचाव की तैयारी हुई शुरू

अमेठी में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल

अमेठी में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल

Uttar Pradesh News: अमेठी में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने ब्लैक आउट मॉक ड्रिल (Blackout Mock Drill) का आयोजन किया। डीएम शशांक चौधरी की मौजूदगी में नवीन पुलिस लाइन, गौरीगंज में हुए इस अभ्यास में हवाई हमले जैसी काल्पनिक आपात स्थिति तैयार की गई। इस दौरान पुलिस, सीआरपीएफ समेत कई विभागों की तैयारियों और आपसी समन्वय को परखा गया। ऐसे में मॉक ड्रिल के जरिए यह जांच की गई कि किसी भी संभावित संकट के समय राहत और बचाव कार्य कितनी तेजी से शुरू किए जा सकते हैं।

दो मिनट तक बजा सायरन, बंद की गई बिजली

जानकारी के लिए बता दें मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए दो मिनट तक सायरन बजाया गया। इसके बाद निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत बिजली आपूर्ति बंद कर पूरे क्षेत्र में ब्लैक आउट किया गया। इस अभ्यास में आपात स्थिति के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और भवनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही आग लगने की स्थिति में अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी किया गया। सभी गतिविधियों को वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखकर पूरा किया गया।

कई विभागों के कर्मचारियों ने लिया हिस्सा

इस संयुक्त मॉक ड्रिल में पुलिस विभाग, सीआरपीएफ, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक, प्रशिक्षित आपदा मित्र, स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा विद्युत विभाग, पीआरडी, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट-गाइड के कार्मिक भी शामिल रहे। सभी विभागों ने अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार राहत और बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। इस दौरान विभागों के बीच तालमेल, संसाधनों की उपलब्धता और कर्मचारियों की कार्यक्षमता का आकलन किया गया।

आपात स्थिति से निपटने के लिए दिए निर्देश

डीएम शशांक चौधरी ने आदेश दिए कि आपातकालीन परिस्थितियों में सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का तेजी से और प्रभावी ढंग से पालन करें। उन्होंने आमजन को भी आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रशासन के अनुसार, इस तरह की मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा के समय त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना, विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाना और राहत एवं बचाव व्यवस्था को मजबूत करना है। इससे किसी भी संभावित आपदा के दौरान जन-धन के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें: सीएम योगी का बड़ा संदेश, निराश्रित मांओं की मदद करें

 

Exit mobile version