लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के तृतीय सत्र से एक दिन पूर्व आयोजित सर्वदलीय बैठक में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी राजनीतिक दलों से सदन के सुचारु संचालन में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सदन की गरिमा, सकारात्मक कार्यसंस्कृति और गुणवत्तापूर्ण संवाद के माध्यम से ही जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र में संवाद सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है और विधानसभा जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का सर्वोत्तम मंच प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ चर्चा और सार्थक बहस से लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है तथा जनता का विश्वास भी बढ़ता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 03 अगस्त से शुरू होने वाला उत्तर प्रदेश विधानमंडल का तृतीय सत्र प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा का अवसर होगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में विधानसभा ने संसदीय कार्यप्रणाली की एक सकारात्मक मिसाल पेश की है, जिससे लोकतंत्र और अधिक सशक्त हुआ है।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की छवि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदली है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो विकासोन्मुख नीतियों और सकारात्मक विमर्श का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने सदन के संचालन में सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया।
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के सहयोग से ही सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से संचालित हो सकती है। उन्होंने जानकारी दी कि सभी दलों ने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि सत्र के दूसरे दिन छह विधेयकों पर चर्चा होगी, 04 अगस्त को अनुपूरक बजट (Supplementary Budget) प्रस्तुत किया जाएगा और 06 अगस्त को मुख्यमंत्री सदन को संबोधित करेंगे।
बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मत्स्य मंत्री संजय निषाद, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, डॉ. आर.के. पटेल, राजपाल बालियान, ओम प्रकाश राजभर, रमेश सिंह, आराधना मिश्रा ‘मोना’ और रघुराज प्रताप सिंह सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने भाग लिया तथा सदन के शांतिपूर्ण और प्रभावी संचालन में सहयोग देने का भरोसा जताया।
बैठक से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान परिषद सभा मंडप के सौंदर्यीकरण कार्य, डिजिटल लाइब्रेरी, विधान भवन के नवीनीकृत कॉरिडोर और विधानसभा के नव-निर्मित पॉडकास्ट स्टूडियो का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे।

