Site icon UP की बात

अखिलेश यादव ने मनाया खजांची का जन्मदिन, कहा- भगवान सबके हैं, केदारेश्वर और मथुरा-वृंदावन भी जाएंगे

अखिलेश यादव ने मनाया खजांची का जन्मदिन

अखिलेश यादव ने मनाया खजांची का जन्मदिन

Uttar Pradesh News: नोटबंदी के दौरान बैंक की लाइन में जन्मे खजांची का समाजवादी पार्टी कार्यालय में जन्मदिन मनाया गया। बता दें सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उसे बधाई दी और उपहार देकर खुशी बढ़ाई। वहीं, इस दौरान उन्होंने नोटबंदी, अर्थव्यवस्था, अयोध्या दौरे और आगामी चुनाव को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

अखिलेश यादव ने खजांची को दिया जन्मदिन का उपहार

लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने खजांची का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। अखिलेश यादव ने खजांची को जन्मदिन की बधाई दी और उपहार देकर उसका उत्साह बढ़ाया। बता दें कि खजांची का जन्म साल 2016 में नोटबंदी के दौरान बैंक की लाइन में हुआ था। उस समय अखिलेश यादव ने ही बच्चे का नाम खजांची रखा था। इसके बाद से हर साल समाजवादी पार्टी कार्यालय में उसका जन्मदिन मनाया जाता है।

भगवान सबके हैं, केदारेश्वर और मथुरा-वृंदावन भी जाएंगे

अयोध्या दौरे को लेकर अखिलेश यादव का कहना है कि भगवान सबके हैं। हम केदारेश्वर भी जाएंगे और मथुरा-वृंदावन भी जाएंगे। उन्होंने PDA का जिक्र करते हुए कहा कि पहले दर्शन करेंगे और फिर आशीर्वाद लेंगे। चाचा शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव का आशीर्वाद उन्हें पहले से मिलता रहा है।

नोटबंदी को बताया भ्रष्ट फैसला

अखिलेश यादव ने केंद्र की मोदी सरकार (Modi Government) पर हमला बोलते हुए नोटबंदी को बड़ा गलत फैसला बताया। जिसमें उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बैंकों को डुबोने के लिए नोटबंदी की थी। दुनिया के इतिहास में इतना बड़ा भ्रष्ट फैसला शायद ही कभी हुआ होगा। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य पर भी सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि सरकार 2047 का जुमला दे रही है, जबकि अर्थव्यवस्था के मामले में हम 1947 से भी पीछे हो गए हैं।

वोटर लिस्ट और PDA प्रहरियों पर दिया जोर

अखिलेश यादव ने वोटर लिस्ट (Voter List) को मेटल कार्ड और आधार से जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि असली लड़ाई बूथ पर PDA प्रहरियों को लड़नी है। अगर PDA प्रहरी जीतेंगे तो समाजवादी पार्टी की जीत होगी। इस दौरान अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मजबूती से काम करने और आगामी चुनाव की तैयारी में जुटने का संदेश दिया।

ये भी पढ़ें: देव दीपावली 2026: काशी के घाटों पर जलेंगे 11 लाख से अधिक दीप, योगी सरकार ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप

Exit mobile version