Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (Uttar Pradesh Assembly Election 2027) को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर खींचतान शुरू हो गई है। जिसमें दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन सीटों की संख्या पर सहमति नहीं बन पा रही है। खबरों के मुताबिक, कांग्रेस ने सपा के सामने 120 सीटों की मांग रखी है, जबकि सपा ने शुरुआती तौर पर कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस को नया ऑफर देते हुए कहा है कि सरकार बनने पर सभी को सम्मान और उचित स्थान मिलेगा।
120 सीटों की मांग पर अड़ी कांग्रेस
अधिकारिओं के मुताबिक, नई दिल्ली में हुई बैठक के दौरान कांग्रेस ने 120 विधानसभा सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी थी। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह 120 से कम सीटों पर समझौता करने के पक्ष में नहीं है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इस मांग को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, इस बीच सपा ने मंगलवार को कांग्रेस को 26 सीटों का शुरुआती प्रस्ताव देने के बाद पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। इससे दोनों दलों के बीच नाराजगी बढ़ने की खबरें हैं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी सीटों के बंटवारे को लेकर सवाल उठाए हैं।
सपा ने पांच सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार
समाजवादी पार्टी ने बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया है। इनमें सहारनपुर की दो सीटें भी शामिल हैं, जिन पर कांग्रेस की नजर बताई जा रही है।
अखिलेश यादव ने दिया सम्मान का भरोसा
जानकारी के लिए बता दें अखिलेश यादव ने कांग्रेस को भरोसा दिलाया है कि सीटों का बंटवारा दोनों दलों के बीच आपसी सहमति से होना चाहिए। साथ ही, उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या से ज्यादा जरूरी चुनाव में जीत हासिल करना है। गठबंधन को सीट बंटवारे के बजाय सीट समायोजन के नजरिए से देखना चाहिए।
अखिलेश का यह भी कहना है कि जिन सीटों पर जीत की संभावना कम है, वहां दोनों दल मिलकर उम्मीदवार तय करें। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बनाना गठबंधन का सबसे बड़ा लक्ष्य है। इसके लिए कुछ नेताओं और संभावित उम्मीदवारों को समझौता करना पड़ सकता है। सरकार बनने पर सभी को सम्मान और उचित स्थान मिलेगा।
इन 26 सीटों पर हुई शुरुआती सहमति
ऐसे में सपा की ओर से कांग्रेस को रामपुर खास, फरेंदा, मथुरा, जेवर, खुर्जा, हापुड़, बागपत, मोदीनगर, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, गोरखपुर, पडरौना समेत 26 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है। फिलहाल दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है। ऐसे में देखना होगा कि कांग्रेस और सपा 2027 के चुनाव से पहले सीटों के बंटवारे पर किस फॉर्मूले से सहमत होती हैं।
ये भी पढ़ें: दिल्ली के रिश्तों पर पहली बार खुलकर बोले सीएम योगी

