Site icon UP की बात

आगरा जलकल घोटाला: महाप्रबंधक निलंबित, करोड़ों की अनियमितता उजागर

आगरा : जलकल विभाग में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। जलकल विभाग के महाप्रबंधक को करोड़ों रुपये के कथित घोटाले में निलंबित कर दिया गया है। पाइपलाइन खरीद और कार्य में अनियमितताओं का मामला सामने आया है, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ताजनगरी आगरा में जलकल विभाग एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जानकारी के मुताबिक, चमरौली क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के कार्य के दौरान भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। इस पूरे मामले में जलबकल विभाग के महाप्रबंधक अरुणेंद्र कुमार राजपूत पर करोड़ों रुपये के गबन का आरोप लगा है।

बताया जा रहा है कि पाइपलाइन की खरीद-फरोख्त में बड़े स्तर पर वित्तीय गड़बड़ी की गई। आरोप है कि सामग्री की खरीद में नियमों को दरकिनार करते हुए फर्जी बिल और दस्तावेजों के सहारे सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। जब इस पूरे मामले की भनक नगर आयुक्त अंकित अग्रवाल को लगी, तो उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए महाप्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगा।

सूत्रों के अनुसार, महाप्रबंधक द्वारा दी गई जांच रिपोर्ट में भी कई संदिग्ध बिंदु पाए गए। इतना ही नहीं, रिपोर्ट में फर्जी डील और दस्तावेजों का हवाला दिए जाने से मामला और गंभीर हो गया। इसके बाद नगर आयुक्त ने पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेज दी।

शासन स्तर पर मामले की जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। इसी के आधार पर जलकल विभाग के महाप्रबंधक अरुणेंद्र कुमार राजपूत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारी और कर्मचारी अब अपनी कार्यप्रणाली को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं।
वहीं, इस मामले में नगर आयुक्त अंकित अग्रवाल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। हालांकि, प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि मामले में आगे और भी सख्त कार्रवाई हो सकती है और जांच का दायरा बढ़ाया जा सकता है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस घोटाले में अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल हैं? और क्या शासन इस पूरे नेटवर्क को उजागर कर पाएगा? फिलहाल, सभी की निगाहें शासन के अगले कदम पर टिकी हैं।तो आगरा में जलबकल विभाग में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। महाप्रधक के निलंबन के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जांच में और कौन-कौन सामने आता है। फिलहाल इस खबर पर हमारी नजर बनी हुई है।

Exit mobile version