Teacher MLC Election: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में खंड शिक्षक विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर आज तीन मतदान केंद्रों पर फिर से वोटिंग करवाई जा रही है। बता दें आज सुबह 8 बजे से ही फतेहाबाद, सैंया और खेरागढ़ के तीन बूथों पर मतदान शुरू हो गया है, जो शाम 4 बजे तक जारी रहेगी। दरअसल, मतपत्रों से छेड़छाड़ की शिकायत के बाद चुनाव आयोग (Election Commission) ने इन बूथों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया है। पुनर्मतदान को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
मतपत्रों से छेड़छाड़ की शिकायत के बाद फैसला
मिली जानकारी के अनुसार, आगरा खंड शिक्षक MLC चुनाव के दौरान मतपत्रों से छेड़छाड़ की शिकायत सामने आई थी। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने इस संबंध में शिकायत की थी। जिसमें शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन बूथों पर पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत फतेहाबाद, सैंया और खेरागढ़ के संबंधित मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग कराई जा रही है।
2346 मतदाताओं के लिए दोबारा मतदान की होगी व्यवस्था
बता दें कि इन तीनों मतदान केंद्रों पर कुल 2346 मतदाताओं के लिए पुनर्मतदान की व्यवस्था की गई है। मतदान सुबह 8 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा। मतदाता निर्धारित समय के भीतर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मतदान केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात
वहीं, पुनर्मतदान को देखते हुए प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात किया है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान कराया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन की नजर मतदान प्रक्रिया पर बनी हुई है। पुनर्मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता है।
27 अक्टूबर को होगी मतगणना
जानकारी के लिए बता दें आगरा खंड शिक्षक MLC चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 जिलों में मतगणना कराई जाएगी। अब पुनर्मतदान के बाद सभी की नजर मतगणना और चुनाव परिणाम पर रहेगी।
ये भी पढ़ें: https://www.upkibaat.com/farrukhabad-bajrang-dal-protest-kotwali-worker-arrest/

