Uttar Pradesh News: आगरा के जयपुर हाउस इलाके में भाजपा के ब्रज क्षेत्र कार्यालय के सामने सड़क पर बनी मजार को हटाने का मामला गरमा गया है। दरसअल, हिंदूवादी नेता कुंवर अजय तोमर ने मजार को हटाने के लिए जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और लोक निर्माण विभाग (PWD) के मुख्य अभियंता को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में 60 दिनों के भीतर मजार हटाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई है। ऐसा नहीं होने पर न्यायालय जाने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, मजार के खिदमतगार का दावा है कि यह निर्माण भाजपा कार्यालय से भी काफी पुराना है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का दिया हवाला
योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर ने 25 नवंबर 2026 को सीपीसी की धारा 80 के तहत कानूनी नोटिस जारी किया है। इसमें आगरा के जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता को पक्षकार बनाया गया है।
बता दें नोटिस में सितंबर-अक्टूबर 2024 में सुप्रीम कोर्ट की ओर से दिए गए आदेशों का हवाला दिया गया है। कुंवर अजय तोमर का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों और रास्तों पर आवागमन में बाधा बनने वाले धार्मिक निर्माणों को हटाया जाना चाहिए। उन्होंने जयपुर हाउस स्थित मजार को सरकारी जमीन पर अतिक्रमण बताते हुए इसे हटाने की मांग की है।
जाम और सड़क हादसों का भी उठाया मुद्दा
नोटिस में कहा गया है कि सड़क पर मजार होने के कारण रास्ता संकरा हो गया है। इससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है। साथ ही सड़क हादसों की आशंका भी बनी रहती है। नोटिस में वायु प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण और लोगों के समय की बर्बादी का भी जिक्र किया गया है। कुंवर अजय तोमर ने अधिकारियों से नोटिस मिलने के 60 दिनों के भीतर कार्रवाई करने को कहा है। ऐसा नहीं होने पर अदालत में कानूनी कार्रवाई शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
मजार के खिदमतगार ने बताया पुराना निर्माण
इस मामले में मजार पर मौजूद एक बुजुर्ग खिदमतगार का कहना है कि यह मजार भाजपा के ब्रज क्षेत्र कार्यालय से भी काफी पुरानी है। वह बचपन से यहां आते रहे हैं। वहीं, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि मजार के कारण सड़क पर जाम लगता है और कई बार एंबुलेंस भी फंस जाती हैं। उन्होंने इसे हटाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ने वाले व्यक्ति का समर्थन किया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस कानूनी नोटिस पर क्या कदम उठाता है।
ये भी पढ़ें: यूपी में मोदी को बड़ा झटका, खरगे ने शाह पर भी साधा निशाना

