Site icon UP की बात

विकास परियोजनाओं की सौगात, CM योगी बोले- अब लखनऊ जैसा विकास उन्नाव में भी होगा

उन्नाव। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उन्नाव के भौनीखेड़ा डीह में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह में जनपदवासियों को 570.32 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने सड़क, शिक्षा, बिजली, पेयजल और आधारभूत ढांचे से जुड़ी कुल 104 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने 378.40 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 19 परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 191.92 करोड़ रुपये की लागत वाली 82 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

ad

उन्नाव से सीधे दिल्ली पहुंचने का रास्ता हुआ आसान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने पहले वादा किया था कि विकास की हर योजना उन्नाव तक पहुंचेगी और आज वह संकल्प धरातल पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि आज उन्नाव का नागरिक लखनऊ को बाईपास करते हुए सीधे दिल्ली तक पहुंच सकता है। एक्सप्रेसवे और बेहतर सड़क नेटवर्क के कारण क्षेत्र में कनेक्टिविटी मजबूत हुई है, जिससे व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

डिफेंस और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से बढ़ेंगे रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव के विकास को नई दिशा देने के लिए डिफेंस कॉरिडोर और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। इसके लिए लगभग 700 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के विकसित होने से बड़े उद्योग स्थापित होंगे और स्थानीय युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इससे पलायन में कमी आएगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल होगा उन्नाव

योगी आदित्यनाथ ने घोषणा करते हुए कहा कि उन्नाव को स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) में शामिल किया जाएगा। इसके बाद लखनऊ में होने वाले विकास कार्यों का लाभ उन्नाव को भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक रैपिड रेल परियोजना का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था और अधिक आधुनिक एवं सुगम बनेगी।

100 साल आगे की सोच के साथ बन रही योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल वर्तमान जरूरतों को नहीं बल्कि आने वाले 100 वर्षों को ध्यान में रखकर विकास योजनाएं तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि उन्नाव के विकास से जुड़े सभी प्रस्तावों को सरकार ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया है और विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

सुरक्षा और विकास दोनों सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास और सुरक्षा दोनों क्षेत्रों में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि काशी, वृंदावन, गंगा और प्रभु श्रीराम की कृपा प्रदेश पर बनी हुई है और आज त्योहारों के दौरान भी सुरक्षा और शांति का वातावरण देखने को मिलता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उन्नाव के विकास कार्य बिना रुके और बिना थके लगातार जारी रहेंगे तथा जनपद को प्रदेश के प्रमुख विकास केंद्रों में शामिल किया जाएगा।

Exit mobile version